गड्ढों से कराहती सड़कें, निरीक्षण के बाद भी अधर में मरम्मत कार्य।
भानियावाला, लच्छीवाला और प्रेमनगर क्षेत्र की सड़कें खस्ताहाल, लोग पूछ रहे– काम कब शुरू होगा?
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह बने गड्ढों ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भानियावाला, लच्छीवाला और प्रेमनगर सहित कई क्षेत्रों की सड़कों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
कुछ दिन पहले डोईवाला एसडीएम अपर्णा ढोंडीयाल ने लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की गड्ढों वाली सड़कों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और स्थिति सुधारने का आश्वासन भी दिया, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो सका है।
सभासद ईश्वर रोथान और सभासद रीना कोठारी ने कहा कि एसडीएम ने निरीक्षण तो कर लिया, लेकिन सड़क सुधार कार्य कब शुरू होगा इस पर कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि बरसात के बाद सड़कों की हालत और बिगड़ गई है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पालिका अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सड़कों को शीघ्र गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। वहीं लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता टी.एस. लिंगवाल ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही विभागीय सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निरीक्षण के बाद भी ठोस कदम न उठाया जाना चिंता का विषय है। आए दिन वाहन चालक और पैदल यात्री हादसों के डर से परेशान रहते हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द गड्ढों की मरम्मत शुरू की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।



