Blog

डोईवाला में उप-कोषागार और पेंशनर भवन की मांग, जनप्रतिनिधियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन, उप-कोषागार व पेंशनर संगठन के भवन के लिए अनुदान की मांग।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला में उप-कोषागार की स्थापना और सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर संगठन के भवन/कार्यालय निर्माण को लेकर मांग तेज हो गई है। इस संबंध में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं पेंशनर संगठनों के पदाधिकारियों ने डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला को ज्ञापन सौंपते हुए दोनों मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।

ज्ञापन में बताया गया कि डोईवाला क्षेत्र में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी, पेंशनधारक एवं सरकारी सेवाओं से जुड़े लोग निवास करते हैं। उप-कोषागार की सुविधा न होने के कारण उन्हें पेंशन, वेतन एवं अन्य शासकीय कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता है, जिससे विशेषकर बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उप-कोषागार खुलने से क्षेत्रवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही ज्ञापन में सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर संगठन डोईवाला के लिए भवन/कार्यालय निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने की मांग भी रखी गई। बताया गया कि स्थायी भवन न होने के कारण संगठनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों के संचालन में कठिनाइयां आ रही हैं।

विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि डोईवाला की दोनों मांगें जनहित से जुड़ी हुई हैं। उप-कोषागार खुलने से पेंशनधारकों और कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी, वहीं पेंशनर संगठन के भवन निर्माण से सामाजिक कार्यों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि दोनों प्रस्तावों को शासन स्तर पर मजबूती से रखा जाएगा और शीघ्र स्वीकृति दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

मौके पर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कृषाली, धर्म सिंह कृषि चतर सिंह पुंडीर, सोहन सिंह नेगी, नारायण और
मंगता खान आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button