सहायक श्रमायुक्त के आश्वासन पर लिया गया निर्णय, वार्ता के बाद आंदोलन पर होगा अगला फैसला, 13 मार्च तक श्रमिकों का धरना स्थगित।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लालतप्पड़ स्थित औद्योगिक क्षेत्र में यूरेका फॉर्ब्स श्रमिक शोषण के विरोध में चल रहा धरना श्रम विभाग के हस्तक्षेप के बाद अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। श्रमिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप श्रमायुक्त कार्यालय देहरादून पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपा। इस दौरान कंपनी प्रबंधन, संविदाकारों और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत वार्ता हुई। उप श्रमायुक्त द्वारा संविदाकारों एवं प्रबंधन को श्रमिकों को दिए गए हितलाभों के भुगतान व अन्य संबंधित अभिलेखों के साथ 13 मार्च को पुनः वार्ता के लिए बुलाया गया हैI
इसी क्रम में सहायक श्रम आयुक्त ऋषिकेश धरना स्थल पर पहुंचे और श्रमिकों से आगामी वार्ता तिथि तक धरना स्थगित करने का आग्रह किया। उन्होंने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि उनके हितों की रक्षा की जाएगी तथा उनकी वैधानिक मांगों को मनवाने के लिए विभाग स्तर पर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि वार्ता के उपरांत भी श्रमिकों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं होता है, तो श्रमिक पुनः आंदोलन शुरू करने के लिए स्वतंत्र होंगे।
सहायक श्रम आयुक्त के आश्वासन पर श्रमिकों ने 13 मार्च तक अपना धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।
श्रमिक नेता एवं सभासद संदीप सिंह नेगी ने कहा कि जब श्रम विभाग के जिम्मेदार अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर भरोसा दिला रहे हैं, तो उनकी बातों का सम्मान करते हुए आंदोलन स्थगित किया गया है, लेकिन यदि वार्ता के बाद भी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो श्रमिक फिर से आंदोलन शुरू करेंगे।
इस दौरान ऋषिपाल रावत, विमल सिंह, पवन सिंह नेगी, प्रकाश थापा, मुकेश कुमार, बलदेव सिंह, मोहित नेगी, निखिल लिंगवाल, चंद्र किशोर, कृष्ण सिंह, गुरजीत सिंह और नरेश असवाल सहित अन्य श्रमिक उपस्थित रहे।



