रंगों के जरिए बच्चों ने दिखाई भारत के भविष्य की तस्वीर। (सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित हुई ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटि अट्ठरवाला भानियावाला में‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए रंगों के माध्यम से विकसित और आत्मनिर्भर भारत की अपनी कल्पना को कागज पर उकेरा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विद्यालय संयोजक भाजपा डोईवाला मंडल उपाध्यक्ष अंकित काला ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक पटल पर सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। बच्चों की रचनात्मक सोच में ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव छिपी है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक माधव मोहन चमोली ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों की रचनात्मक क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ता है। बच्चों ने अपनी कल्पना के माध्यम से विकसित भारत की जो तस्वीर प्रस्तुत की है, वह उनकी प्रतिभा और देश के प्रति सोच को दर्शाती है।
इस अवसर पर सहायक अध्यापिका दीप शिखा डबराल, प्रबंधन समिति अध्यक्ष बृजबाला, प्रभारी प्रधानाध्यापिका अंजीत कुमारी पाल, सहायक अध्यापिका भारती रतूड़ी, सरोजनी तोपवाल और प्रबंधन समिति अध्यक्ष सुमित्रा देवी के अलावा शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।



