मुख्यमंत्री धामी का संदेश—राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय बनेगा, सरकार उठाएगी ठोस कदम, (कांग्रेस का जनाधार शून्य,अब केवल राजनीतिक रोटियां सेंक रहा विपक्ष) बृजभूषण गैरोला
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के मुद्दे पर विपक्ष पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह हताश हो चुकी है और उसका जनाधार शून्य हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष विकास के मुद्दों पर बात करने के बजाय केवल राजनीतिक रोटियां सेंकने में जुटा है और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
गैरोला ने कहा कि रानी पोखरी में प्रस्तावित राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय को लेकर कोई संशय नहीं है। यह विश्वविद्यालय उसी भूमि पर बनेगा, जहां इसके लिए पहले ही आवंटन किया जा चुका है। इस विषय पर जानबूझकर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में एयरपोर्ट पर एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस परियोजना को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय हर हाल में बनेगा और इसके निर्माण के लिए सरकार द्वारा शीघ्र ही ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
गैरोला ने कहा कि राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान होगा, जिससे राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं को उच्च गुणवत्ता की कानूनी शिक्षा अपने ही राज्य में मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि जनता अब विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को समझ चुकी है और विकास कार्यों के आधार पर ही अपना निर्णय लेती है। आने वाले समय में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों के विकास का बड़ा केंद्र बनेगा।
इस दौरान किसान मोर्चा गढ़वाल सहसंयोजक अरुण शर्मा, जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत, जीवन चौहान, सुनील यादव, मनोज शर्मा, विक्रम नेगी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



