Blog

एसआरएचयू और जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय के बीच एमओयू, शिक्षा व शोध सहयोग को मिलेगी नई उड़ान, (छात्र-फैकल्टी एक्सचेंज, संयुक्त रिसर्च और वैश्विक अवसरों को बढ़ावा देने पर बनी सहमति)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू) जौलीग्रांट और जामिया हमदर्द विश्वविद्यालय नई दिल्ली के बीच शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किये। इस साझेदारी से दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर प्राप्त होंगे।
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में एमओयू पर एसआरएचयू की ओर से रजिस्ट्रार कमांडर चल्ला वेंकटेश्वर (सेनि.) तथा जामिया हमदर्द की ओर से रजिस्ट्रार कर्नल ताहिर मुस्तफा (सेनि.) ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर जामिया हमदर्द के कुलपति डॉ. अफसर आलम ने कहा कि जामिया हमदर्द को फार्मेसी श्रेणी में एनआईआरएफ रैंकिंग में देशभर में पहला स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि क्यूएस विश्व रैंकिंग में विश्वविद्यालय को 59वीं रैंक हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संस्थानों के बीच सहयोगात्मक दृष्टिकोण अत्यंत आवश्यक है और यह साझेदारी शिक्षा एवं रिसर्च के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देने में सहायक सिद्ध होगी।
एसआरएचयू की स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज की डीन प्रो. प्रीति कोठियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सपनों को सही दिशा देने के अपने संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह एमओयू शिक्षा एवं शोध गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगा तथा फार्मास्युटिकल शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में जामिया हमदर्द के डीन फार्मेसी डॉ. उमा भंडारी, डीन रिसर्च एंड डेवलपमेंट डॉ. शाकिर अली, डीन आईक्यूएसी डॉ. शहरयार तथा स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च के विभिन्न विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button