Blog

स्व. मांगे राम अग्रवाल की पुण्यतिथि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सेवा और संस्कारों की विरासत को किया नमन। (मुख्य अतिथियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, विशिष्ट जन सम्मान, पौधरोपण एवं विचार गोष्ठी में समाजसेवा के आदर्शों पर हुआ मंथन)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राष्ट्रीय स्वयं संघ के अनेक पदों पर रहे और समाज को सही राह दिखाने वाले स्व. मांगे राम अग्रवाल की 23वीं पुण्यतिथि पर शनिवार को ऋषिकेश रोड बालाजी फार्म, डोईवाला में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट जन सम्मान, पौधरोपण एवं विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें वक्ताओं ने स्व. मांगे राम अग्रवाल के सेवा, शिक्षा और संस्कारों से परिपूर्ण जीवन को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

स्व. हरज्ञानचंद अग्रवाल सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर, डोईवाला द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया।

परमार्थ निकेतन स्वर्गाश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि स्व. मांगे राम अग्रवाल का जीवन सेवा, संस्कार और मानवता के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण था। ऐसे व्यक्तित्व समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ पीढ़ियों तक प्रेरणा प्रदान करते हैं।

मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि स्व. मांगे राम अग्रवाल ने शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय सह प्रचार प्रमुख तपन ने कहा कि स्व. मांगे राम अग्रवाल ने अपने कर्मों से सेवा और संस्कारों की मजबूत परंपरा स्थापित की। उनका जीवन प्रत्येक सामाजिक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

रसिक महाराज ने कहा कि स्व. मांगे राम अग्रवाल का जीवन सेवा, सद्भाव और संस्कारों का जीवंत उदाहरण था। समाजहित में किए गए उनके कार्य सदैव लोगों को प्रेरित करते रहेंगे और उनकी स्मृतियां हमेशा अमर रहेंगी।

प्रख्यात कथा वाचक अरविंद महाराज ने कहा कि मनुष्य का सबसे बड़ा धर्म सेवा और परोपकार है, जिसका उत्कृष्ट उदाहरण स्व. मांगे राम अग्रवाल ने अपने जीवन से प्रस्तुत किया। ऐसे महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि स्व. मांगे राम अग्रवाल ने शिक्षा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके आदर्शों पर चलकर समाज को नई दिशा दी जा सकती है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उनके पिता स्व. मांगे राम अग्रवाल ने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा, समाजसेवा और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनके बताए सेवा, संस्कार और परोपकार के मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी संतों, अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में स्वर्गीय मांगे राम जी पत्नी धर्मों देवी, राज्य मंत्री गिरीश डोभाल,ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी,चंद्र मोहन पोखरियाल,ईश्वर चंद्र अग्रवाल, सुषमा बिष्ट, दीपक मेहर राजकुमार राज, पंकज शर्मा, विक्रम नेगी, सुरेंद्र बिष्ट, संगीता राणा, शबनम, अभिषेक अग्रवाल आदि काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button