(दूरदर्शन के पूर्व सहायक निदेशक प्रताप सिंह रावत ने किया ‘साईं सृजन पटल’ के 26वें अंक का विमोचन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
साहित्य, पत्रकारिता और रचनात्मक लेखन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निरंतर प्रकाशित हो रही ‘साईं सृजन पटल’ मासिक पत्रिका के 26वें अंक का विमोचन दूरदर्शन के पूर्व सहायक निदेशक (कार्यक्रम) प्रताप सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर साहित्य, लेखन, पत्रकारिता और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विमोचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रताप सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान समय में साहित्यिक पत्रिकाएं समाज में सकारात्मक विचारों के प्रसार और नई प्रतिभाओं को मंच देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि साहित्य केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि समाज और समय को समझने का सशक्त माध्यम है। साहित्यकार और रचनाकार अपने लेखन के माध्यम से समाज में विचारों का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘साईं सृजन पटल’ जैसे मंचों की आवश्यकता इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इनके माध्यम से नए रचनाकारों, लेखकों और प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मक क्षमता सामने लाने का अवसर मिलता है। उन्होंने पत्रिका के 26वें अंक के प्रकाशन पर संपादकीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी साहित्य एवं सृजन के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्रिका के संपादक प्रो. (डॉ.) के. एल. तलवाड़ ने कहा कि ‘साईं सृजन पटल’ की स्थापना का उद्देश्य लेखन और सृजन के उन्नयन के लिए एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां साहित्य, पत्रकारिता, शिक्षा, कला और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रचनात्मक विचारों को स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि पत्रिका के प्रत्येक अंक को पाठकों के लिए उपयोगी, विचारपरक और रचनात्मक बनाने का प्रयास किया जाता है। निरंतर 26 अंकों का प्रकाशन इस बात का प्रमाण है कि साहित्य और लेखन के प्रति समाज में आज भी गहरी रुचि है।
पत्रिका के उपसंपादक अंकित तिवारी ने कहा कि 26वें अंक का विमोचन ‘साईं सृजन पटल’ की निरंतर रचनात्मक यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि पत्रिका के माध्यम से साहित्यिक रचनाओं के साथ-साथ समाज, शिक्षा, संस्कृति, पत्रकारिता और समसामयिक विषयों से जुड़े लेखों को भी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी पत्रिका की सार्थकता उसके पाठकों और रचनाकारों से जुड़ाव में होती है और ‘साईं सृजन पटल’ इसी भावना के साथ अपनी यात्रा को आगे बढ़ा रहा है।
इस अवसर पर लेखिका नीलम तलवाड़ , इंसाइडी क्रिएटिव मीडिया के सीईओ अक्षत और इंसाइडी का स्टाफ भी मौजूद रहा।


