Blog

केवट की भक्ति और भरत का प्रेम देख भावविभोर हुए दर्शक। (चौथे दिन रामलीला में हुआ केवट लीला और भरत मिलाप का मंचन, मोहित उनियाल ने किया शुभारंभ)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नवयुवक रामलीला समिति जौलीग्रांट की ओर से आयोजित रामलीला के चौथे दिन केवट लीला और भरत मिलाप का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने शानदार अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। केवट की भक्ति और भरत के त्याग एवं भाई के प्रति प्रेम के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर रामलीला का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। भगवान राम के आदर्श, केवट की भक्ति और भरत का त्याग हमें प्रेम, भाईचारे और समर्पण की सीख देते हैं।

केवट लीला के मंचन में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास के दौरान गंगा तट पहुंचने का प्रसंग दिखाया गया। केवट ने भगवान राम को गंगा पार कराने से पहले उनके चरण पखारने की इच्छा जताई। भगवान राम और केवट के बीच हुए संवाद तथा केवट की अनन्य भक्ति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

इसके बाद भरत मिलाप का मंचन किया गया। इसमें भरत के चित्रकूट पहुंचकर भगवान राम से अयोध्या लौटने का आग्रह करने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। भरत ने राजगद्दी स्वीकार करने के बजाय भगवान राम की चरण पादुकाएं लेकर अयोध्या लौटने का निर्णय लिया। भाई के प्रति उनके प्रेम, त्याग और समर्पण के दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

इस दौरान समिति अध्यक्ष अरुण शर्मा, संरक्षक मनोज नौटियाल, केसर सिंह, संदीप, सुरेश कोहली, अशोक धीमान,राकेश शर्मा, हरिश्चंद्र, सूर्यकांत, राहुल सैनी, मनोज पाल सहित समिति के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button