किसानों के हित में गन्ना खरीद व्यवस्था को बनाया जाए बेहतर। (पर्चियों का अनुपात तय करने के साथ नई प्रजाति का बीज जल्द देने की मांग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने चीनी मिल की अधिशासी निदेशक अपर्णा ढोडियाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गन्ने की नई प्रजाति उपलब्ध कराने, पर्चियों का वितरण उत्पादन के अनुपात में करने और गन्ने की समय से आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक एवं गन्ना समिति के पूर्व अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि किसानों को उनकी उपज के अनुपात में गन्ना पर्चियां जारी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गन्ने की खपत के लिए कोई दूसरी चीनी मिल या चरखी नहीं है। ऐसे में सभी किसान डोईवाला चीनी मिल पर निर्भर हैं। इसलिए पर्चियों का वितरण व्यवस्थित होना चाहिए, जिससे किसानों का गन्ना समय से मिल तक पहुंच सके।
किसान तेजेंद्र सिंह तेजा ने कहा कि पर्ची वितरण में संतुलन और पारदर्शिता जरूरी है। किसानों को उनकी जरूरत और उत्पादन के अनुरूप पर्चियां मिलनी चाहिए। साथ ही बेहतर पैदावार के लिए गन्ने की नई प्रजातियों का बीज भी जल्द उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
अधिशासी निदेशक अपर्णा ढोडियाल ने कहा कि मिल प्रबंधन किसानों की सुविधाओं और समस्याओं को लेकर गंभीर है। पेराई सत्र के दौरान गन्ने की नियमित आपूर्ति बनाए रखने के साथ किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। किसानों की ओर से दिए गए सुझावों पर भी उचित कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान दरपान बोरा, ईश्वर चंद पर आदि मौजूद रहे।



