पेराई सत्र से पहले गन्ना मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग। (चीनी मिल गेट पर किसानों ने दिया एक दिवसीय धरना, कांग्रेस नेताओं ने भी पहुंचकर किया समर्थन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
22 नवंबर को होने वाले 2026 27 का पेराई सत्र के शुभारंभ से पहले गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारी ने चीनी मिल गेट पर एक दिवसीय धरना दिया। धरने में किसानों के साथ कांग्रेस नेताओं ने भी पहुंचकर मांगों का समर्थन किया। किसानों ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत और महंगाई के बीच गन्ने का वर्तमान मूल्य उनकी आर्थिक जरूरतों के अनुरूप होना चाहिए। धरने के बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर गन्ना मूल्य निर्धारण सहित किसानों की आठ प्रमुख मांगों पर कार्रवाई की मांग की गई।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि खाद, बीज, कीटनाशक, सिंचाई और मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। सरकार को पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल घोषित करना चाहिए, ताकि किसानों को आर्थिक राहत मिल सके।
यूनियन के पछुवादून जिलाध्यक्ष राजू तोमर ने कहा कि गन्ना किसानों की समस्याओं को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार को पेराई सत्र से पहले गन्ना मूल्य घोषित कर मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव अश्वनी बहुगुणा ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल और कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल ने कहा कि बढ़ती महंगाई और कृषि लागत ने किसानों के सामने आर्थिक चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। सरकार को किसानों के हित में गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित कर पेराई सत्र से पहले घोषणा करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में गन्ने का मूल्य 700 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने, चीनी मिलों से किसानों का भुगतान समय पर कराने, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा और नुकसान पर उचित मुआवजा देने की मांग की गई। इसके अलावा उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने, खाद एवं कीटनाशकों की उचित दरों पर आपूर्ति सुनिश्चित करने, नहरों की सफाई और मरम्मत कराने तथा छोटे और मध्यम किसानों को कृषि उपकरणों एवं आधुनिक तकनीक के लिए अनुदान देने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान रवि सैनी, दीपेंद्र सिंह संधू, अर्जुन सिंह, बलविंदर सिंह, उमेद बोरा, रामस्वरूप, अमरजीत, नरेंद्र सिंह,लोकेश, चेतरामपाल,राकेश सिंह, कुलवंत सिंह,बलविंदर सिंह, अमीर हसन, हरपाल सिंह, जगतार सिंह, जसवीर सिंह, अमित सिंह, कुलदीप सिंह, ज्ञान सिंह आदि मौजूद रहे I



