अजय वीर सिंह के तबादले पर किसान यूनियन ने मांगा जवाब। (पेराई सत्र से पहले अधिशासी निदेशक बदले, एसडीएम अर्पणा ढोडियाल को सौंपी जिम्मेदारी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला चीनी मिल में पेराई सत्र 2026-27 शुरू होने से पहले अधिशासी निदेशक अजय वीर सिंह के स्थानांतरण को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और किसानों ने सवाल उठाए हैं। किसान नेताओं का कहना है कि पेराई सत्र की तैयारियों के बीच अधिशासी निदेशक का अचानक तबादला करना समझ से परे है। अजय वीर सिंह को मिल में आए अभी कुछ ही दिन हुए थे और वह मिल की व्यवस्थाओं को समझने के साथ ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे थे।
किसान नेता हरेंद्र सिंह बालियान ने कहा कि पेराई सत्र शुरू होने से ठीक पहले अधिशासी निदेशक का स्थानांतरण करना किसानों के लिए चिंता का विषय है। जब अजय वीर सिंह अभी मिल की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं को समझ ही रहे थे तो ऐसा क्या कारण रहा कि उनका तबादला कर दिया गया। उनके स्थान पर डोईवाला एसडीएम अर्पणा ढोडियाल को चीनी मिल अधिशासी निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि वह भी क्षेत्र में तीन साल से अधिक समय से तैनात हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली समझ से परे है। एक ओर पेराई सत्र शुरू होने का समय नजदीक है, वहीं दूसरी ओर किसानों को यह तक पता नहीं है कि चीनी मिल कब शुरू होगी। गन्ने की खेती पर निर्भर किसानों को अपनी उपज की आपूर्ति और भुगतान की चिंता सता रही है। सरकार को अधिकारियों के फेरबदल के बजाय चीनी मिल का पेराई सत्र समय पर शुरू कराने और किसानों को स्पष्ट जानकारी देने पर ध्यान देना चाहिए।



