Blog

(केवट की भक्ति और भरत के संताप ने दर्शकों को किया भावुक)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
श्री आदर्श रामलीला कमेटी बड़ासी ग्रांट की ओर से आयोजित रामलीला के चौथे दिन केवट लीला, दशरथ मरण और भरत संताप के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी और क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र रावत ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला का शुभारंभ किया।

ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हमें हर परिस्थिति में कर्तव्य, धैर्य और मर्यादा का पालन करने की प्रेरणा देता है। रामलीला के मंचन से इन आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ हमारी लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य रविंद्र रावत ने कहा कि रामलीला समाज को प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देती है। ऐसे आयोजनों से हमारी सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहती है और लोगों को अपने संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

मंचन में वनवास के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के गंगा तट पहुंचने पर केवट द्वारा उनके चरण पखारकर गंगा पार कराने का प्रसंग आकर्षण का केंद्र रहा। केवट की अनन्य भक्ति और समर्पण ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद पुत्र वियोग में राजा दशरथ के प्राण त्यागने के मार्मिक दृश्य का मंचन किया गया।

भरत संताप के प्रसंग में पिता की मृत्यु और श्रीराम के वनवास का समाचार सुनकर भरत शोक में डूब जाते हैं। वह श्रीराम को वापस अयोध्या लाने के लिए वन जाने का संकल्प लेते हैं। कलाकारों ने सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों से तीनों प्रसंगों को जीवंत कर दियाI

इस दौरान ग्राम प्रधान राहुल मनवाल,समिति अध्यक्ष दिनेश चुनारा,नीरज रावत, रघुवीर चुनारा,त्रिलोक चंद, सोनी,रेनू चुनारा, रवि, अभिषेक,मदन सेमवाल, राधा मनवाल, संदीप पुंडीर, घनश्याम रावत,निर्मला रावत, बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button