ईठारना सड़क के काम का धीरेंद्र पंवार ने लिया जायजा, गुणवत्ता से समझौता नहीं। (काम शुरू होने पर ग्रामीणों ने वापस लिया विधानसभा चुनाव बहिष्कार का फैसला, 15 नवंबर तक डामरीकरण पूरा करने की मांग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
गडूल ग्राम पंचायत के ईठारना में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क का डामरीकरण शुरू हो गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेंद्र पंवार ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और प्रगति का जायजा लिया।
सड़क का डामरीकरण शुरू होने पर ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव बहिष्कार का निर्णय वापस ले लिया। ग्राम प्रधान स्वीटी रावत, बीडीसी सदस्य रविन्द्र सिंह रावत और सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र रावत सहित ग्रामीणों ने 15 नवंबर तक डामरीकरण पूरा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ठंड और नमी बढ़ने से बाद में काम करने में परेशानी हो सकती है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी विनय बोरा ने बताया कि सड़क का डामरीकरण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार कराया जा रहा है। वहीं, धर्मेंद्र रावत ने निर्माण कार्य शुरू होने पर शासन-प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी।
राज्यमंत्री धीरेंद्र पंवार ने कहा कि ईठारना सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होना चाहिए। कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इसे समय पर पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सके।



