पुलिस ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, दुकानदारों और वाहन चालकों के काटे चालान।
दीपावली से पहले रेलवे रोड, मिल रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड पर सख्ती, यातायात सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने उठाए कड़े कदम।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दीपावली के त्यौहार के चलते शहर में यातायात का दबाव बढ़ना स्वाभाविक है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने नगर की प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त कार्रवाई की। रेलवे रोड, मिल रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड पर कई दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई भी की गई।
साथ ही, ई-रिक्शा चालकों और अन्य वाहन चालकों को चेतावनी दी गई कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें। पुलिस ने कहा किया कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कोतवाली एस आई ईश्वर सैनी ने आम जनता से सहयोग करने और नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि त्यौहार के दौरान यातायात सुचारू रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस तरह के अभियान से शहर में स्वच्छ और व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित किया जा सकेगा।



