खाद्य सचल प्रयोगशाला ने 91 खाद्य पदार्थों की जांच। (18 खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे नहीं उतरे, कारोबारियों को नोटिस)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से रविवार को नुन्नावाला, रेशम माजरी, लालतप्पड़ और छिदरवाला में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य सचल विश्लेषणशाला के माध्यम से मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट और ढाबों में खाद्य पदार्थों की मौके पर निशुल्क जांच की गई।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि अभियान के दौरान 91 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इनमें मिठाई, दूध एवं दुग्ध पदार्थ, मसाले, अनाज, तेल और अन्य खाद्य पदार्थ शामिल रहे। जांच में 18 खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संबंधित कारोबारियों और निर्माण इकाइयों को नोटिस जारी किए गए। इस दौरान खाद्य कारोबारियों, कार्मिकों और आम लोगों को खाद्य गुणवत्ता एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र देहरादून रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी और जूनियर एनालिस्ट जितेंद्र भंडारी सहित विभागीय टीम शामिल रही।



