डोईवाला में सिविल न्यायालय के स्थायी भवन और सब रजिस्ट्रार की नियुक्ति की मांग। (परवादून बार एसोसिएशन ने दर्जाधारी धीरेंद्र पंवार को सौंपा ज्ञापन, लच्छीवाला में भूमि उपलब्ध कराने रखी मांग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
परवादून बार एसोसिएशन ने डोईवाला में सिविल न्यायालय के स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने और सब रजिस्ट्रार की नियुक्ति की मांग उठाई है। इस संबंध में एसोसिएशन ने राज्य मंत्री धीरेंद्र पंवार को ज्ञापन सौपा,
ज्ञापन में बताया गया कि डोईवाला में वर्ष 2018 से सिविल न्यायालय का संचालन एक छोटे भवन में हो रहा है। भवन जर्जर होने के कारण अधिवक्ताओं और वादकारियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। एसोसिएशन ने ग्राम लच्छीवाला स्थित रेशम विभाग की लगभग 10 बीघा भूमि को न्यायालय भवन निर्माण के लिए उपयुक्त बताते हुए इसे उपलब्ध कराने की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष फूल सिंह वर्मा ने कहा कि डोईवाला में सिविल न्यायालय के स्थायी भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। भवन बनने से अधिवक्ताओं और वादकारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही क्षेत्र में सब रजिस्ट्रार की नियुक्ति होने से लोगों को संबंधित कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी।
एसोसिएशन के सचिव मनोहर सैनी ने कहा कि न्यायालय परिसर में बार भवन, अधिवक्ताओं के चैंबर, विधि पुस्तकालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सब रजिस्ट्रार की नियुक्ति से क्षेत्रवासियों को पंजीकरण संबंधी कार्यों में सहूलियत मिलेगी।
दर्जाधारी धीरेंद्र पंवार ने कहा कि डोईवाला में न्यायालय से संबंधित सुविधाओं का विस्तार और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है। ज्ञापन में उठाई गई मांगों को संबंधित स्तर पर रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों और अधिवक्ताओं को लाभ मिल सके।
इस दौरान एडवोकेट मनीष धीमान, महेश लोधी, अरुण कुमार, भास्कर बलूनी,मोईन अहमद, सुमित कुमार, अतुल कुमार आदि मौजूद रहे।



