पालिका क्षेत्र के विकास और सुरक्षा को लेकर नरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लगाई गुहार। (सीवर लाइन बिछाने, नगर पालिका के नए भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने और सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित कई मांगों का सौंपा ज्ञापन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर नगर क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नगर में सीवर लाइन बिछाने, नगर पालिका के नए भवन के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा पूरे पालिका क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग उठाई।
पालिका अध्यक्ष नेगी ने कहा कि डोईवाला नगर क्षेत्र का तेजी से विस्तार हो रहा है, लेकिन कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव अब भी बना हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि नगर में सीवर लाइन नहीं होने से लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनस्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सीवर परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका के नए भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखते हुए कहा कि वर्तमान भवन बढ़ते प्रशासनिक कार्यों के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। उन्होंने नगर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने की भी मांग की, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ज्ञापन में शामिल मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।



