एयरपोर्ट विस्तार विरोध तेज: जोगियाना–अठूरवाला के आंदोलन में कांग्रेस की खुली एंट्री।
कांग्रेस नेताओं ने धरनास्थल पर पहुँचकर ग्रामीणों की मांगों को बताया न्यायोचित; बार–बार विस्थापन को अमानवीय कहा, सरकार से तत्काल निर्णय की माँग।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
एयरपोर्ट विस्तारीकरण के विरोध में जोगियाना–अठूरवाला गांवों में चल रहा धरना प्रदर्शन गुरुवार को और तेज हो गया, जब नगर कांग्रेस कमेटी डोईवाला ने आंदोलन को अपना समर्थन दे दिया। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करतार नेगी धरना स्थल पर पहुंचे और संघर्ष समिति के अध्यक्ष मंजीत सजवान को समर्थन पत्र सौंपा।
परवादून जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि ग्रामीणों की मांगें पूरी तरह उचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट के नाम पर इन परिवारों का बार-बार विस्थापन सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। नेगी ने साफ कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र और न्यायसंगत निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन की राह अपनाने को बाध्य होगी।
कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि सरकार केवल आश्वासन बांट रही है, जबकि पुनर्वास और मुआवजा देने को लेकर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही। उन्होंने मांग की कि प्रभावित परिवारों को ‘जमीन के बदले जमीन’ और सामान सर्किल रेट के आधार पर न्यायपूर्ण मुआवजा दिया जाए।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने कांग्रेस पदाधिकारियों के समर्थन का स्वागत किया और कहा कि वे अपनी मांगों से एक इंच भी पीछे हटने वाले नहीं हैं। संघर्ष समिति ने एक बार फिर सरकार से अपील की कि वह एक मानवीय और निष्पक्ष दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित समाधान निकाले।
धरना स्थल पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष संजीव भट्ट, वार्ड अध्यक्ष बालू सजवान, नवीन रावत, सरजीत सिंह, बलराम सिंह, भरत सिंह, बादल सिंह सजवान, खेम सिंह सजवान, मनजीत सजवान, राहुल सजवान, शीरा देवी, आशा देवी, विमला देवी, सुशीला देवी, कमला देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



