भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। मोहित उनियाल (परवादून जिला कांग्रेस जनता के बीच जाकर चलाएगी हस्ताक्षर अभियान, 23 नवंबर को लोकभवन कूच में होगी भागीदारी)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशभर में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ 30 नवंबर 2026 तक व्यापक जनजागरण एवं विरोध अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत परवादून जिला कांग्रेस कमेटी भी जिले के विभिन्न ब्लॉकों एवं नगर क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से कार्यक्रम आयोजित करेगी।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश सरकार के मंत्रियों रेखा आर्य, गणेश जोशी तथा धन सिंह रावत से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों को जनता के बीच उठाना, सरकार की जवाबदेही तय करना तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जनमत तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान तीन चरणों में संचालित होगा।
प्रथम चरण (10 नवंबर से 15 नवंबर 2026): जिला, ब्लॉक एवं नगर स्तर पर विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से आम जनता से हस्ताक्षर करवाकर भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जनसमर्थन जुटाया जाएगा। हस्ताक्षरयुक्त बैनर एवं पंपलेट 20 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जमा कराए जाएंगे।
द्वितीय चरण (23 नवंबर 2026): प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की उपस्थिति में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से लोकभवन (राजभवन) तक पदयात्रा एवं लोकभवन कूच आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हस्ताक्षरयुक्त बैनर एवं पंपलेट महामहिम राज्यपाल को सौंपकर प्रदेश सरकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
तृतीय चरण (25 नवंबर से 30 नवंबर 2026): प्रदेश के सभी जिला एवं महानगर मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार को जनता के सामने उजागर किया जाएगा तथा आमजन को जागरूक किया जाएगा।
मोहित उनियाल ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में पारदर्शी शासन, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की मांग को लेकर जनआंदोलन खड़ा करने का प्रयास है। जनता के धन और अधिकारों की रक्षा करना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। प्रदेश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि सरकार में बैठे जिम्मेदार लोगों पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
उन्होंने परवादून जिला कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं, पूर्व विधायकों, विधानसभा प्रत्याशियों, पीसीसी सदस्यों, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों तथा समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और अधिक से अधिक आमजन को इससे जोड़ें।



