मताधिकार की रक्षा को 7 अक्टूबर को सड़क पर उतरेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता। (मतदाता सूची और एसआईआर में पारदर्शिता की उठाई मांग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से हरिद्वार रोड नुन्नावाला स्थित एक रेस्टोरेंट में कांग्रेस और सहयोगी दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में 7 अक्टूबर को डोईवाला में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा, जो उपजिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचेगा।
बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के साथ मतदाता सूची में बदलाव की जानकारी सार्वजनिक करने, नाम हटाए जाने पर संबंधित मतदाता को सूचना और अपील का अवसर देने तथा एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई गई।
उत्तराखंड कांग्रेस के सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि मतदाता का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा जरूरी है।
देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी तरह के बदलाव की प्रक्रिया स्पष्ट और पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं को अपने मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए और इसके लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है।
कांग्रेस के परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि वोट प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। मार्च के माध्यम से जनता की आवाज उठाई जाएगी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी।
कांग्रेस के संगठन महासचिव राजेंद्र भंडारी ने कहा कि हर पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए और मतदाता सूची में किसी भी बदलाव की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
सीपीआईएम के जाहिद अंजुम और समाजवादी पार्टी के फुरकान कुरैशी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए पारदर्शिता जरूरी है।
बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी, अनुराग कुकरेती, बलबीर सिंह, किसान सभा के बलबीर सिंह, जयेंद्र रमोला, नीरज त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष अश्विनी बहुगुणा, सागर मनवाल, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित, तजिंदर सिंह ताज, इंद्रजीत सिंह, डोईवाला नगर कांग्रेस अध्यक्ष करतार नेगी, ऋषिकेश महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, डोईवाला ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रमोद कप्रवान शास्त्री, श्यामपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजय पाल पंवार, रायवाला ब्लॉक अध्यक्ष गोकुल रमोला, रेखा कांडपाल सती, अफसाना अंसारी, हरभजन सिंह, सरजीत सिंह, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव भारती, कांग्रेस एससी विभाग जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद, पंचायत संगठन जिलाध्यक्ष राहुल खरोला, कांग्रेस पूर्व सैनिक संगठन जिलाध्यक्ष महेश कुकरेती और सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और सहयोगी दलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।



