शीलाचौकी में जल्द बहाल होगी ग्रामीणों की आवाजाही बृजभूषण गैरोला ने किया शीलाचौकी में निर्माण कार्य का निरीक्षण। (बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुलिया और सड़क के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, जल्द बहाल होगी ग्रामीणों की आवाजाही)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने गडूल के शीलाचौकी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत क्षेत्र के सात स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान महिलाओं को स्वरोजगार और स्वावलंबन से जुड़ने के साथ सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसके बाद विधायक ने 20 और 22 जुलाई को आई भीषण बाढ़ से क्षतिग्रस्त पुलिया और सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। बाढ़ के कारण क्षेत्र में ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की आवाजाही सुचारु करना प्राथमिकता है। निर्माण कार्य जल्द पूरा कराकर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई जाएगी। सिंचाई विभाग की ओर से पुलिया और सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता एसएस नेगी ने कहा कि कार्य को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र रावत, किसान मोर्चा गढ़वाल संयोजक अरुण शर्मा, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन चौधरी, मंडल महामंत्री संदीप भट्ट सहित अन्य लोग मौजूद थे।



