Blog

संस्कृत हमारी संस्कृति और ज्ञान की आधारशिला। ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी (भोगपुर में संस्कृत-सप्ताह-महोत्सव में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लिया संरक्षण का संकल्प)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
उत्तराखण्ड संस्कृत अकादमी एवं केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में डोईवाला विकासखण्ड के ग्राम भोगपुर स्थित आदर्श संस्कृत ग्राम में संस्कृत-सप्ताह-महोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और इसे आम बोलचाल में बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि संस्कृत हमारी संस्कृति, संस्कार और ज्ञान-विज्ञान की आधारशिला है। भोगपुर को आदर्श संस्कृत ग्राम के रूप में विकसित कर घर-घर तक संस्कृत को आम बोलचाल की भाषा के रूप में पहुंचाने का प्रयास सराहनीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली संस्कृति और विरासत से जोड़ने के लिए संस्कृत के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना जरूरी है।

सहायक निदेशक डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल ने कहा कि संस्कृत भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसे केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर व्यवहारिक जीवन और आम बोलचाल से जोड़ने की आवश्यकता है। भोगपुर में संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास अनुकरणीय है।

कार्यक्रम में संयोजक अरुणदीप पन्त, क्षेत्र पंचायत सदस्य संजीव नेगी, संरक्षक एवं ग्राम प्रधान चाँद खान, मार्गदर्शक डॉ. चंडी प्रसाद घिल्डियाल, जिला पंचायत सदस्य रश्मि मिया, क्षेत्र पंचायत सदस्य रविन्द्र रावत, प्रधान दीपक रावत एवं पूर्णानंद तिवाड़ी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button