Blog

रानीपोखरी विधि विश्वविद्यालय पर सीएम ने लिया संज्ञान, (डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोंला की पहल, आयुक्त को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रानीपोखरी में प्रस्तावित विधि विश्वविद्यालय को लेकर शासन स्तर पर हलचल तेज हो गई है। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोंला ने मंगलवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर विश्वविद्यालय से जुड़े समस्त विषयों से उन्हें अवगत कराया।

विधायक द्वारा रखे गए तथ्यों और क्षेत्रीय भावनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गढ़वाल आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री विनय शंकर पाण्डेय को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद विधायक बृजभूषण गैरोंला ने आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय से भी भेंट कर प्रस्तावित विश्वविद्यालय को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक को आश्वासन दिया कि रानीपोखरी में प्रस्तावित विधि विश्वविद्यालय के प्रकरण का हर पहलू से परीक्षण किया जाएगा और किसी भी प्रकार की बाधा का समाधान निकालते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गढ़वाल क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस महत्वपूर्ण परियोजना के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

गौरतलब है कि डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के रानीपोखरी में प्रस्तावित यह विधि विश्वविद्यालय लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है। मुख्यमंत्री के त्वरित संज्ञान और विधायक की सक्रिय पहल से स्थानीय लोगों में एक बार फिर उम्मीद जगी है कि वर्षों से लंबित यह परियोजना अब जल्द मूर्त रूप ले सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button