दिवाली पर सजी बाजारों की रौनक, सजावटी सामान से पटे स्टॉल, ग्राहकों का इंतज़ार।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
दीपावली पर्व नजदीक आते ही नगर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। रेलवे रोड, मिल रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड पर दुकानदारों ने बनावटी फूलों के हार, तोरण, रंग-बिरंगी लाइट्स, दीये, झालर, टेबल डेकोरेशन और विभिन्न प्रकार की सजावटी सामग्री के आकर्षक स्टॉल सजा दिए हैं। हर दुकान पर नए डिजाइन और आधुनिक ट्रेंड को ध्यान में रखकर सामान लगाया गया है। बाजारों की गलियां रंग और रोशनी से चमक उठी हैं, लेकिन अभी भीड़ पूरी तरह नहीं पहुंची है, जिससे दुकानदार उत्सुकता के साथ ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
रेलवे रोड व्यापारी पवन सिंघल ने कहा कि इस बार हम देशी कला से बनी अनोखी डिज़ाइन की मालाएं, तोरण और लेटेस्ट एलईडी लाइटिंग लेकर आए हैं। ग्राहकों को किफायती से लेकर प्रीमियम तक हर रेंज एक ही जगह मिलेगी। हम पूरी तैयारी के साथ बैठे हैं, अब बस त्योहार वाली भीड़ का इंतजार है, ताकि मेहनत रंग लाए।
वहीं सजावट का स्टॉल लगाने वाले रेलवे रोड के दुकानदार सुशील जायसवाल ने बताया कि दिवाली पर हर घर सजता और जगमगाता है, इसलिए हम सुबह से देर रात तक पूरे जोश के साथ स्टॉल सजा रहे हैं। इस बार बाज़ार में खूब वैराइटी और नई-नई चीजें हैं। अभी लोग देख-समझ रहे हैं, लेकिन जैसे-जैसे त्योहार करीब आएगा, बाजार में ऐसी रौनक होगी कि जगह भी कम पड़ जाएगी।
दिवाली की तैयारी को देखते हुए बाजारों में पैदल आवाजाही बढ़ गई है। महिलाओं और युवाओं में सजावटी सामान को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। दुकानदारों को भरोसा है कि अगले कुछ दिनों में ग्राहकों की चहल-पहल बाजारों की रौनक को चरम पर पहुंचा देगी।



