बृहस्पतिवार को हुए किशोर की मौत के बाद वन विभाग सख्त, भोपाल पानी–रेड खाला–कालूवाला वन मोटर मार्ग किया बंद।
हाथियों की बढ़ती मूवमेंट पर कड़ी निगरानी, जेसीबी से बनाया सुरक्षा बैरियर।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
बृहस्पतिवार को हाथी हमले में एक किशोर की दर्दनाक मौत के बाद थानों रेंज में वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी के मद्देनज़र विभाग ने भोपाल पानी से रेड खाला–कालूवाला जाने वाले वन मोटर मार्ग को सुरक्षा के दृष्टिकोण से बंद कर दिया है। लगातार बढ़ती हाथियों की गतिविधियों और घटना की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने क्षेत्र में कड़े कदम उठाए हैं।
शुक्रवार सुबह वन कर्मियों ने जेसीबी से मार्ग पर गहरी खाई बनाकर रास्ते को ब्लॉक कर दिया, ताकि आमजन, मजदूर या वाहन इस संवेदनशील क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें। विभाग का कहना है कि यह कदम किसी और दुर्घटना को रोकने के लिए आवश्यक था।
थानों रेंज अधिकारी नत्थी लाल डोभाल ने बताया कि पिछले कई दिनों से हाथियों की मूवमेंट असामान्य रूप से बढ़ी है और गुरुवार की घटना ने खतरे को और स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे किसी भी परिस्थिति में बंद मार्ग में प्रवेश की कोशिश न करें। “घटना के बाद क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है। मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मार्ग बंद करना अनिवार्य था I
वन विभाग ने मार्ग के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड लगाए हैं और गश्त बढ़ा दी है। रेंज कर्मियों को 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि स्थिति सामान्य होने के बाद ही मार्ग को पुनः खोलने पर विचार किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी विभाग के निर्णय का समर्थन किया है। उनका कहना है कि घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है, और मार्ग बंद होने से दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। वन विभाग को उम्मीद है कि सख्त निगरानी से मानव–वन्यजीव संघर्ष में कमी आएगी।



