डोईवाला विधानसभा में खेल महाकुंभ 2025 विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का भव्य शुभारंभ।
दो दिवसीय खेल महाकुंभ से युवाओं को मिलेगी नई उड़ान। गैरोला
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुनारगांव अठूरवाला में युवा कल्याण, शिक्षा एवं खेल विभाग देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ 2025 विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने दीप प्रज्वलन कर खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि डोईवाला विधायक गैरोला ने कहा कि दो दिवसीय खेल महाकुंभ का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। खेलों के माध्यम से युवा न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उत्तराखंड को खेलों की भूमि के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि दो दिनों तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। चयनित खिलाड़ी आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में डोईवाला विधानसभा का प्रतिनिधित्व करेंगे।
नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने आयोजन को युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि खेल महाकुंभ से क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम में सभासद प्रदीप नेगी जेटली, राजकुमार राज खेल प्रशिक्षकों, शिक्षकगण, पीआरडी जवान, अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



