(सेवा संकल्प के तहत रेलवे स्टेशन पर चला स्वच्छता अभियान। विधायक बृजभूषण गैरोला और पर्यावरण मित्रों ने दिया स्वच्छता का संदेश)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को डोईवाला रेलवे स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला के नेतृत्व में नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों ने स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने के लिए जागरूक किया गया।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को स्वयं जागरूक होकर आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प के तहत विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता और जनसेवा से जुड़े कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
इस दौरान पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी,अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत, सफाई निरीक्षक संकेत, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, अरुण शर्मा, अजय उनियाल, प्रकाश कोठारी, सभासद अमित कुमार,सुरेंद्र कुमार, नीरज कुमार, विक्रम नेगी, वीरू आदि मौजूद रहे।



