ग्राम समाज और नदी श्रेणी की भूमि पर अवैध प्लॉटिंग का आरोप, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन कार्यवाही की मांग।
राष्ट्रीय लोकदल का भूमाफियाओं के खिलाफ का तहसील मुख्यालय पर हल्लाबोल।।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम समाज और नदी श्रेणी की भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल ने शुक्रवार को डोईवाला तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। रालोद के खेल प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मोहम्मद आफ़ताब आलम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व स्थानीय नागरिकों ने भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद एसडीएम डोईवाला को ज्ञापन सौंपा गया।
मोहम्मद आफ़ताब आलम ने आरोप लगाया कि डोईवाला के तेलीवाला और राजीवनगर, धरमूचक के मौजा मारख़मग्रांट प्रथम में सुसवा और सॉन्ग नदी के समीप स्थित ग्राम समाज की भूमि एवं नदी श्रेणी की जमीन पर कुछ भूमाफियाओं द्वारा अवैध रूप से डिमार्केशन कर प्लॉटिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों के खेलने के लिए बने मैदान के कुछ हिस्सों पर भी धीरे-धीरे कब्जा किया जा रहा है, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक विषय है।
रालोद के प्रदेश सचिव समीर खान ने कहा कि न्यायहित में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर ग्राम समाज और नदी श्रेणी की भूमि को स्पष्ट रूप से चिन्हित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो संगठन को उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मोहम्मद आफ़ताब आलम, समीर खान, मोहम्मद शादाब, शाहिद, फुरखान, शाहरुख अली सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



