विधानसभा बजट सत्र तीन सप्ताह का हो, मुख्यमंत्री दें सोमवार को प्रश्नों के उत्तर। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने डोईवाला उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित किया।
उन्होंने आगामी उत्तराखण्ड विधानसभा बजट सत्र को कम से कम तीन सप्ताह की अवधि के लिए आहूत करने तथा उसमें प्रभावी प्रश्नकाल एवं महत्वपूर्ण विधायी कार्य सुनिश्चित करने की मांग की।
कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में उत्तराखण्ड विधानसभा के सत्र बहुत कम अवधि के लिए बुलाए जाते हैं, जिससे जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर सदन में समुचित चर्चा नहीं हो पाती। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अपराध, वन्य जीवों के हमलों से हो रही मानवीय क्षति, पेयजल संकट, आपदा पीड़ितों के पुनर्वास में देरी तथा सरकारी जमीनों की नीलामी जैसे गंभीर विषयों पर विधानसभा में व्यापक चर्चा आवश्यक है।
परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि बजट सत्र में कम से कम तीन सोमवार ऐसे हों, जिनमें प्रश्नकाल आयोजित हो और मुख्यमंत्री स्वयं अपने अधीन विभागों से संबंधित प्रश्नों का उत्तर सदन में दें। साथ ही, उत्तर प्रदेश कालीन कानूनों एवं नियमावलियों में आवश्यक संशोधन कर उत्तराखण्ड के अनुरूप नए एवं प्रभावी कानून बनाए जाएं।
डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार को जनता के सवालों से बचने के बजाय सदन में जवाबदेह बनना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर खुली और सार्थक बहस हो।
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोज नौटियाल व कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार पर चिंता व्यक्त करते हुए इन विषयों पर विशेष चर्चा की मांग की। आपदा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार को ठोस नीति प्रस्तुत करनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि विधानसभा सत्र को पर्याप्त अवधि और गंभीरता के साथ संचालित नहीं किया गया, तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस दौरान परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल,डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट,पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज नौटियाल, सागर मनवाल,मोहित कपरवाण,अफसाना अंसारी,उमेद बोरा,जितेंद्र कुमार,राहुल सैनी,महेश लोधी,चंडी प्रसाद थपलियाल,एनएसयूआई अध्यक्ष राहुल आर्य,प्रवीण सैनी,सुमित कौशल,महिपाल रावत,रीता क्षेत्री,साजिद अली आदि उपस्थित रहे।



