लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक शोषण के खिलाफ धरना पांचवें दिन भी जारी।
महाशिवरात्रि पर भी नहीं टूटा आंदोलन, श्रमिकों ने पैदल पदयात्रा निकालकर जताया विरोध।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक शोषण के विरुद्ध श्रमिकों का धरना रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। श्रमिकों ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पावन पर्व पर भी उन्हें धरने पर बैठना पड़ रहा है, जो कंपनी प्रबंधन की मनमानी को दर्शाता है। पांचवें दिन श्रमिकों ने पैदल पदयात्रा निकालकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ अपना रोष प्रकट किया।
श्रमिक नेता व सभासद संदीप सिंह नेगी ने कहा कि श्रमिकों की मांगें पूरी होने तक आंदोलन को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का लगातार शोषण श्रम विभाग और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है।
श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान पवन सिंह नेगी, ऋषि रावत, विमल सिंह, नरेश असवाल, सतीश, अमित, मोहित नेगी, पवन कुमार, मुकेश नौटियाल, निखिल लिंगवाल, श्याम सिंह, अनिल, प्रकाश थापा सहित अनेक श्रमिक मौजूद रहे।



