लगातार बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, लंबा दौर चला तो गेहूं की गुणवत्ता पर होगा असर।
लगातार रिमझिम बारिश से खेतों में गिरा गेहूं, गन्ने को होगा फायदा।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
क्षेत्र में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर अब फसलों पर दिखने लगा है। कई स्थानों पर कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल गिर गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में नमी अधिक होने से उपज और दाने की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
किसानों के अनुसार इस समय गेहूं की फसल कटाई के बिल्कुल करीब है। बारिश और तेज हवा के कारण फसल के गिरने से कटाई कार्य प्रभावित हो रहा है, साथ ही लागत बढ़ने की भी संभावना है। यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो नुकसान और बढ़ सकता है।
दूसरी ओर, गन्ने की फसल के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। पर्याप्त पानी मिलने से गन्ने की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है, जिससे आने वाले समय में उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खेतों में जलभराव न होने दें और जहां संभव हो, वहां गिरी हुई गेहूं की फसल को जल्द समेटने के प्रयास करें, ताकि नुकसान को कम किया जा सके।
सहायक कृषि अधिकारी अजय टम्टा ने बताया कि यदि बारिश कई दिनों तक जारी रही तो गिरी हुई गेहूं की फसल को नुकसान होने की संभावना है। इससे गेहूं का दाना काला पड़ सकता है। वहीं गन्ने की फसल के लिए यह बारिश लाभदायक है।



