बरसात में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि। ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी (तटबंधों की मजबूती और नालों की सफाई पर दिया गया जोर)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
आगामी बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए डोईवाला ब्लॉक कार्यालय में प्रमुख गौरव चौधरी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र को बाढ़ से सुरक्षित रखने और नागरिकों को होने वाली परेशानियों को रोकने के लिए की जा रही तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में गौरव चौधरी ने कहा कि बरसात के दौरान बाढ़ और जलभराव से नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कार्य समय रहते पूरे किए जाएं। उन्होंने तटबंधों की स्थिति की जांच कर आवश्यक मरम्मत और मजबूती के कार्य कराने की बात कही।
उन्होंने कहा कि नालों की नियमित सफाई और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु रखना बेहद जरूरी है। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई जा रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
अधिकारियों से बरसात के दौरान सतर्क रहने और फील्ड स्तर पर निगरानी बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हर परिस्थिति में क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना है।
इस दौरान सिंचाई विभाग के एसडीओ सुरेंद्र सिंह श्रीकोट,अपर सहायक अभियंता प्रसाद बहुगुणा और अरुण कुमार मौजूद रहे।



