Blog

परवादून कांग्रेस की नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी। (नई टीम ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का लिया संकल्प)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
परवादून जिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त कार्यकारिणी की प्रथम बैठक डोईवाला ब्लॉक सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डोईवाला ब्लॉक प्रमुख एवं कांग्रेस प्रदेश महासचिव गौरव चौधरी ने की। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए और संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संगठन हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि नई कार्यकारिणी में सभी साथियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। सभी पदाधिकारी टीम भावना के साथ कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य करें।

परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि नई कार्यकारिणी से संगठन को नई ऊर्जा मिली है। कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाते हुए जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

गौरव चौधरी ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जिम्मेदारी से काम करना होगा। नई कार्यकारिणी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाए और कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने में जुटे।

प्रदेश महासचिव अश्विनी बहुगुणा ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाए। नई टीम के सामूहिक प्रयासों से संगठन को और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव नीरज त्यागी, प्रदेश सचिव राकेश सिंह, कांग्रेस सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित, डोईवाला नगर अध्यक्ष करतार नेगी, ऋषिकेश महानगर अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ताजिंदर सिंह ताज, जिला महासचिव गजेंद्र विक्रम शाही, मीडिया प्रभारी राहुल सैनी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी, जिला प्रवक्ता रमेश सोलंकी, एससी विभाग जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद, पंचायत संगठन जिलाध्यक्ष राहुल खरोला, सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button