सत्तीवाला में उपखनिज भंडारण में मिली अनियमितता, तेलीवाला में ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी। (मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के निस्तारण को खनन विभाग ने की कार्रवाई, भंडारण का रवन्ना पोर्टल निलंबित, 24 हजार रुपये का जुर्माना लगाया)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के निस्तारण के लिए खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सत्तीवाला क्षेत्र में स्वीकृत उपखनिज भंडारण का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित उपखनिज भंडारण का रवन्ना पोर्टल निलंबित कर दिया गया।
सहायक खनिज पर्यवेक्षक पंकज चंद ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान तेलीवाला में अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। विभाग ने वाहन पर 24 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया।
जिला खान अधिकारी के नेतृत्व में भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की ओर से अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विभागीय कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



