एनएसएस स्वयंसेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर दिया स्वच्छता का संदेश। (स्थापना दिवस पर राजकीय इंटर कॉलेज माजरी ग्रांट में चला अभियान, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी किया सहयोग)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस पर राजकीय इंटर कॉलेज माजरी ग्रांट में स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यार्थियों ने सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया। अभियान के तहत एनएसएस स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर कूड़ा-कचरा एकत्र किया।
कार्यक्रम अधिकारी विजेंद्र कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
प्रधानाचार्य केसी डिमरी ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ना भी विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। अभियान में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। इस मौके पर एनएसएस सहप्रभारी राकेश कुमार रावत, नीलम सहित अन्य मौजूद रहे।



