10 साल का इंतजार खत्म, सऊदी अरब से अपनों के बीच लौटे इंद्रमणि नौटियाल। (उत्तराखंड की जनता के सहयोग और रोशन रतूड़ी के प्रयासों से हुई वतन वापसी, रानीपोखरी में हुआ स्वागत; पत्नी, बेटे-बेटी की आंखों से छलके खुशी के आंसू)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
करीब 10 साल तक सऊदी अरब में कानूनी और आर्थिक परेशानियों से जूझने के बाद उत्तरकाशी के गौरसाड़ा निवासी इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार अपने वतन लौट आए। शुक्रवार को रानीपोखरी स्थित एक होटल में उनका भव्य स्वागत किया गया। इंद्रमणि के स्वागत के लिए उनके गांव से भी बड़ी संख्या में लोग रानीपोखरी पहुंचे। लंबे समय से पति की राह देख रही पत्नी सरस्वती, बेटे शुभम नौटियाल और बेटी दीपिका नौटियाल ने जब उन्हें अपने सामने सकुशल देखा तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इस दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया।
45 वर्षीय इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में सऊदी अरब की एक कंपनी में ट्रक चालक के रूप में काम करते थे। उन्होंने बताया कि एक दिन उनका ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान एक कार ट्रक से टकरा गई, जिसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। ट्रक का बीमा नहीं होने के कारण कंपनी के बजाय उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया। सऊदी अरब की अदालत ने उन्हें एक साल के कारावास और दो करोड़ 51 लाख रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया था। इसके बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गईं। उन्होंने बताया कि उनका वीजा रद्द कर दिया गया और सभी बैंक खाते भी बंद कर दिए गए। ऐसे में आर्थिक लेन-देन और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना तक बेहद मुश्किल हो गया था। वह वहां लगातार परेशानियों और कठिन परिस्थितियों के बीच समय गुजारने को मजबूर रहे।
इंद्रमणि नौटियाल ने बताया कि कंपनी ने भी उनकी कोई मदद नहीं की और भारत सरकार की ओर से भी उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिल पाई। ऐसे कठिन समय में परिवार और उत्तराखंड के लोगों ने उनकी मदद के लिए प्रयास शुरू किए। प्रदेश की जनता ने आर्थिक सहयोग के लिए बढ़-चढ़कर हाथ बढ़ाया। इस पूरे अभियान में सामाजिक कार्यकर्ता रोशन रतूड़ी की अहम भूमिका रही। जनता के सामूहिक सहयोग और लगातार प्रयासों से करीब एक दशक बाद उनकी वतन वापसी संभव हो पाई।
वतन लौटने पर इंद्रमणि नौटियाल ने उत्तराखंड की देवतुल्य जनता का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने मुश्किल समय में जिस तरह उनका साथ दिया, उसे वह जीवनभर नहीं भूलेंगे। लोगों के सहयोग के बिना उनकी घर वापसी संभव नहीं हो पाती। उन्होंने सभी सहयोग करने वालों का धन्यवाद किया।
पति को 10 साल बाद अपने सामने देखकर पत्नी सरस्वती भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक पति से दूर रहना बेहद कठिन था। एक समय ऐसा भी था, जब उनके सकुशल लौटने की उम्मीद कम हो गई थी, लेकिन उत्तराखंड की जनता ने उनका पूरा साथ दिया। आज पति को सकुशल अपने सामने देखकर परिवार बेहद खुश है। बेटे शुभम नौटियाल और बेटी दीपिका नौटियाल के लिए भी यह पल किसी बड़ी खुशी से कम नहीं रहा।
सामाजिक कार्यकर्ता रोशन रतूड़ी ने कहा कि वह पिछले 26 वर्षों से सामाजिक कार्यों में जुटे हुए हैं। उत्तराखंड का कोई भी व्यक्ति देश-विदेश में परेशानी में हो तो उसकी मदद के लिए वह हमेशा तत्पर रहते हैं। इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी के लिए भी लगातार प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में उत्तराखंड की जनता ने जिस तरह एकजुट होकर सहयोग किया, वह समाज की एकजुटता और मानवीय संवेदना की मिसाल है।
इस दौरान ग्राम प्रधान सुनीता देवी,सतीश सेमवाल, गंगा प्रसाद नेगी, हेमराज,आशीष वीरेंद्र पुष्पा भट्ट मुरलीधर सेमवाल, शुभम देव नीता रावत आदि के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



