दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड–2026 के यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड से केवल छह कैडेट्स चयनित।
डोईवाला कॉलेज के एनसीसी कैडेट को मिला वैश्विक पहचान का अवसर, YEP में चयन।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
शहीद दुर्गमल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में एनसीसी की मजबूत प्रशिक्षण परंपरा ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता सिद्ध की है। महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट सार्जेंट सचिन दानोंसी का चयन दिल्ली गणतंत्र दिवस परेड–2026 के दौरान आयोजित होने वाले यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम (YEP) के लिए किया गया है। यह चयन उनके अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक-मानसिक दक्षता का परिणाम माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि एनसीसी उत्तराखंड डायरेक्टरेट से मात्र छह कैडेट्स को ही इस प्रतिष्ठित श्रेणी में स्थान मिला है, जिससे यह उपलब्धि महाविद्यालय के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए भी गर्व की बात बन गई है। यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स को विभिन्न देशों के युवाओं से संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नेतृत्व कौशल के विकास का अवसर प्राप्त होता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.पी. भट्ट ने इसे संस्थान के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और राष्ट्र सेवा की भावना को सशक्त करती है। इस तरह के चयन अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
एनसीसी की एएनओ लेफ्टिनेंट (डॉ.) वल्लरी कुकरेती ने बताया कि यह सफलता कठोर प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि कैडेट सचिन दानोंसी गणतंत्र दिवस परेड कैंप एवं यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
महाविद्यालय की मीडिया प्रभारी डॉ. राखी पंचोला सहित समस्त प्राध्यापकों व कर्मचारियों ने कैडेट को बधाई देते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



