Doiwala newsउत्तराखंडसामाजिक

गर्मियों से पहले नगर पालिका की तैयारी, गंदगी और अंधेरे पर प्रहार।

कूड़ा प्रबंधन के लिए नए वाहन, स्ट्रीट लाइट सुधार को स्काई लिफ्ट, मच्छरों पर नियंत्रण की पहल।

खबर को सुनें
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर क्षेत्र में गर्मियों से पहले स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और जनस्वास्थ्य को लेकर नगर पालिका ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। नगर में गंदगी और अंधेरे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नगर पालिका द्वारा पांच कूड़ा वाहन, एक कूड़ा कंटेनर तथा बिजली की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के लिए दो स्काई लिफ्ट खरीदी जाएंगी।

नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार नए कूड़ा वाहनों से घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था मजबूत होगी। सड़कों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में कचरा जमा नहीं होगा, जिससे गंदगी और दुर्गंध की समस्या कम होगी। यह पहल विशेष रूप से गर्मियों के मौसम में संक्रमण फैलने से रोकने में सहायक होगी।

कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को लेकर फिलहाल यहां से एकत्र कूड़ा ऋषिकेश स्थित एमआरएफ सेंटर भेजा जाएगा। बताया गया कि ऋषिकेश एमआरएफ सेंटर का कार्य गतिमान है, जिसे पूरा होने में करीब एक वर्ष का समय लग सकता है। तब तक अंतरिम व्यवस्था के तहत कूड़े का निस्तारण वहीं किया जाएगा।

नगर में एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर स्थापित करने की योजना भी तैयार की गई है। इसके लिए टीन सेड निर्माण की डीपीआर बनाई जा रही है, ताकि भविष्य में स्थानीय स्तर पर ही कचरे का पृथक्करण और निस्तारण किया जा सके।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने बताया कि इन व्यवस्थाओं के लागू होने से गर्मियों में मक्खी और मच्छरों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के खतरे में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि डीपीआर पूरी होते ही शीघ्र निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

अधिशासी अधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी के आदेशों के तहत नगर पालिका स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और चरणबद्ध तरीके से सभी योजनाओं को लागू किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button