Blog

किसानों की मांगों को लेकर तहसील में गरजी। भाकियू टिकैत (शहीद किसानों की वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि अर्पित कर शुरू किया रात्रिकालीन धरना, गन्ने का भाव 700 रुपये कुंतल करने की मांग)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने तहसील परिसर में एक दिवसीय रात्रिकालीन धरना शुरू कर दिया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा के नेतृत्व में आयोजित धरने में क्षेत्र के किसानों और संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान दिल्ली बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों को उनकी वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। किसानों ने गन्ने का भाव 700 रुपये कुंतल करने, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा और खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का वादा तो पूरा नहीं कर पाई, लेकिन खाद, बीज और खेती से जुड़ी अन्य लागतें जरूर दोगुनी कर दी हैं। इससे किसानों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। जंगली जानवर किसानों की मेहनत से तैयार फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, वहीं खाद और बीज के लिए भी किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और खेती के लिए जरूरी सुविधाएं मिलनी चाहिए।

जिला प्रभारी परवादून इस्माइल ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था और खाद्य व्यवस्था की मजबूत नींव हैं। इसके बावजूद किसानों को अपनी जायज मांगों के लिए धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। सरकार और संबंधित विभागों को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान करना चाहिए।

संगठन से जुड़े विजय बक्षी ने कहा कि बृहस्पतिवार को एसडीएम डोईवाला और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा जाएगा, कहा कि यदि किसानों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन टिकैत आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान वेद प्रकाश रमेश पाल,जगतार सिंह,अवतार सिंह,एसपी सिंह, श्याम सिंह, स्माइल, जरनैल सिंह पुरुषोत्तम, अनूप कुमार, सरजीत आदि पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे I

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button