ग्रामीणों की पहल से साफ हुआ बुल्लावाला-सत्तीवाला मार्ग। (हाथियों और जंगली जानवरों की आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों ने श्रमदान कर हटाईं झाड़ियां)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला के बुल्लावाला और सत्तीवाला के ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से श्रमदान कर बुल्लावाला-सत्तीवाला मार्ग की सफाई की। सड़क किनारे लंबे समय से उगी झाड़ियों के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, क्षेत्र में हाथियों और अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही के चलते लोगों में डर बना रहता है। झाड़ियों के कारण सड़क से गुजरते समय जंगली जानवरों के अचानक सामने आने का खतरा भी बना हुआ था।
ग्रामीणों ने समस्या को देखते हुए खुद पहल की और एकजुट होकर सड़क किनारे उगी झाड़ियों को हटाया। इससे मार्ग पर आवागमन सुगम होने के साथ आसपास का क्षेत्र भी साफ हुआ है।
ग्रामीण मनोज कांबोज ने कहा कि क्षेत्र में हाथियों और अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क किनारे झाड़ियां होने से खतरा और बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों का सामूहिक सहयोग जरूरी है।
इस दौरान जावेद हुसैन, सर्वेश कुमार, अनवेश कांबोज, जितेंद्र थापा, शहजाद अली महफूज अली, बशारत अली, शुभम कांबोज आदि ग्रामीण मौजूद रहे।



