22 नवंबर से शुरू होगी चीनी मिल की पेराई, खेतों में गन्ने की कटाई तेज। (पेराई सत्र की तैयारियों में जुटे किसान, मिल चलने की तारीख नजदीक आते ही बढ़ी छिलाई की रफ्तार)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होने में अब महज एक दिन शेष हैं। 22 नवंबर से मिल में पेराई शुरू होने को लेकर क्षेत्र के किसानों ने गन्ने की कटाई तेज कर दी है। खेतों में इन दिनों किसान परिवारों के साथ गन्ने की छिलाई में जुटे हैं, ताकि मिल शुरू होते ही गन्ने की आपूर्ति की जा सके।
बुल्लावाला, जौलीग्रांट, चांदमारी,सत्तीवाला, दुधली, लच्छीवाला,माजरी जीवनवाला और रानीपोखरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गन्ने की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। किसान खेतों में तैयार खड़ी फसल की छिलाई कर रहे हैं। पेराई सत्र शुरू होने के साथ ही गन्ने की ढुलाई का काम भी रफ्तार पकड़ेगा।
किसानों का कहना है कि चीनी मिल क्षेत्र के हजारों किसानों की आजीविका से जुड़ी है। मिल का संचालन समय पर शुरू होने से गन्ने की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रहेगी और खेतों में खड़ी फसल की कटाई में तेजी आएगी। किसानों को उम्मीद है कि इस बार मिल नियमित रूप से चलेगी और उन्हें गन्ना तौलाने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।



