नगर पालिका क्षेत्र की सड़कें जल्द होंगी गड्डा मुक्त, एसडीएम अपर्णा ढोंडियाल ने लिया संज्ञान।
लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका को निर्देशित किया जल्द कार्य पूरा करें।
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग के संयुक्त प्रयास से नगर पालिका क्षेत्र की प्रमुख सड़कों को गड्डे और अवरोध मुक्त बनाने के लिए विशेष कदम उठाए गए। एसडीएम अपर्णा ढोंडियाल ने मौके पर जाकर प्रेम नगर, भानियावाला, लच्छीवाला और केशवपुरी सड़कों का संज्ञान लिया और गड्डों से उत्पन्न समस्याओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
एसडीएम अपर्णा ढोंडियाल ने लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका को निर्देश दिए कि सभी सड़कों को जल्द से जल्द गड्डा मुक्त किया जाए, जिससे नागरिकों को यातायात में कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि काम तेजी से पूरा किया जाए और सड़कें सुरक्षित एवं सुगम बनाई जाएँ।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुरेंद्र नेगी और नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने बताया कि निरीक्षण के आधार पर सुधार कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। सड़क गड्ढों से मुक्त होने से न केवल नगर पालिका क्षेत्र की यातायात सुगमता बढ़ेगी, बल्कि पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता और नगर पालिका के अवर अभियंता अखिलेश खंडूरी मौजूद रहे।



