समय पर शुगर मिल चलाने और नया गन्ना बीज उपलब्ध कराने की मांग। (गन्ना विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी निदेशक से की मुलाकात)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला गन्ना विकास समिति के सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने शुगर मिल के अधिशासी निदेशक अजयवीर सिंह से मुलाकात कर किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी पेराई सत्र में शुगर मिल का संचालन समय पर शुरू कराने, अक्टूबर माह में होने वाली बुवाई के लिए किसानों को नया गन्ना बीज उपलब्ध कराने और गन्ना विकास गोष्ठी आयोजित कराने का सुझाव दिया।
पूर्व अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने कहा कि अक्टूबर में गन्ने की बुवाई शुरू होने वाली है। ऐसे में किसानों को समय रहते अच्छी गुणवत्ता का नया बीज उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। साथ ही किसानों को उन्नत प्रजातियों, बीज चयन और बेहतर उत्पादन की जानकारी देने के लिए गन्ना विकास गोष्ठी आयोजित की जानी चाहिए।
अधिशासी निदेशक अजयवीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसानों से जुड़े सुझावों को प्राथमिकता के साथ लिया जाएगा। पेराई सत्र को समय पर शुरू कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर ध्यान दिया जा रहा है। किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और गन्ने की खेती से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल मे पूर्व अध्यक्ष ईश्वर चंद पाल, उपाध्यक्ष हरभजन सिंह, संचालक नाथीराम पाल, संचालक तेजपाल सिंह मोंटी और सरजीत सिंह आदि शामिल रहे।



