वृद्धजनों और दिव्यांगों के लिए विशेष पंजीकरण कैंप। (सहायता उपकरणों के लिए 400 वृद्धजनों और दिव्यांगों ने कराया पंजीकरण)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
जरूरतमंद वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड डोईवाला में विशेष पंजीकरण कैंप आयोजित किया गया। कैंप में करीब 400 वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों ने पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया।
पंजीकृत लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, ट्राईसाइकिल, कृत्रिम अंग सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे लाभार्थियों को दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सहायता करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें बेहतर और सुविधाजनक जीवन जीने में सहयोग मिलेगा।
एडीओ समाज कल्याण अधिकारी सुनील रावत ने बताया कि शिविर में करीब 400 वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया है। पंजीकरण के आधार पर लाभार्थियों की आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग का प्रयास है कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे।



