निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 50 से अधिक लोगों की जांच। (हड्डी, स्त्री और बाल रोग विशेषज्ञों ने निःशुल्क दिया परामर्श)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
डोईवाला के मिस्सरवाला में रविवार को ऑर्थो एंड स्किन केयर क्लिनिक की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 50 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।
शिविर में हड्डी रोग, स्त्री रोग, बाल रोग और मूत्र रोग विशेषज्ञों ने मरीजों को निःशुल्क परामर्श दिया। इसके अलावा शुगर, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन और यूरिक एसिड सहित विभिन्न जांचें भी निःशुल्क की गईं। शिविर में पहुंचे लोगों को संतुलित खानपान अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।
आर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. गौरांग अग्रवाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों का परामर्श उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से बीमारियों की समय रहते पहचान करने में मदद मिलती है। भविष्य में भी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर ऐसे निःशुल्क शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. पारुल शर्मा, डॉ. दीक्षा गुप्ता आदि मौजूद रहे।



