श्रवण कुमार की मातृ-पितृ भक्ति ने किया भावविभोर, श्रीराम जन्म पर झूमे दर्शक। (अठूरवाला में द्वितीय श्रीरामलीला का शुभारंभ, रावण तपस्या और कैलाश लीला का भी हुआ मंचन)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
अठूरवाला सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में आयोजित द्वितीय भव्य श्रीरामलीला-2026 का मोलधार अठूरवाला मे शनिवार को शुभारंभ हुआ।
प्रथम दिवस पर श्रवण कुमार लीला, रावण की तपस्या, कैलाश लीला और भगवान श्रीराम के जन्म का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख अश्विनी बहुगुणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि श्रीरामलीला भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने के साथ समाज में एकता और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।
रामलीला में प्रथम दिन श्रवण कुमार की मातृ-पितृ भक्ति और सेवा भाव का मार्मिक मंचन किया गया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद रावण की कठोर तपस्या और कैलाश लीला का मंचन हुआ।
मुख्य आकर्षण भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव रहा। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के जन्म का प्रसंग मंचित होते ही रामलीला परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। भक्तिमय माहौल में दर्शकों ने उत्साह के साथ श्रीराम जन्मोत्सव मनाया।
इस दौरान पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी,समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम डोभाल, निर्देशिका डॉ ममता कुंवर, बड़ासी प्रधान राहुल मनवाल, पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनोज नौटियाल, समिति महासचिव करतार सिंह नेगी, बालेंद्र सजवान, देवेंद्र,भरत सोलंकी आदि मौजूद रहे।



