फतेहपुर-माजरी के किसानों को खाद के लिए नहीं जाना पड़ेगा डोईवाला और भानियावाला, (फतेहपुर माजरी में सहकारी समिति के नए खाद गोदाम से स्थानीय किसानों को मिली बड़ी राहत)
डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
ग्राम फतेहपुर माजरी में सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, डोईवाला के लगभग 11 लाख से अधिक बने नव-निर्मित खाद गोदाम के लोकार्पण के साथ ही क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब किसानों को खाद लेने के लिए डोईवाला और भानियावाला नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
कार्यक्रम में सहायक गन्ना आयुक्त कुलश्रेष्ठ फुलोरिया, समिति की अध्यक्ष ओमवती एवं उपाध्यक्ष हरभजन सिंह की उपस्थिति में खाद गोदाम का लोकार्पण किया गया।
पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक मनोज नौटियाल में संचालन के दौरान बताया कि कि 1974 में यह भूमि कृषक हरि सिंह हरिओम पुत्र मुंगा नें गन्ना समिति को खाद भवन बनाने के लिए दान में दी थी, पुराने गोदाम की स्थिति जर्जर होने के कारण खाद वितरण में लंबे समय से परेशानी आ रही थी, जिसे देखते हुए नया भवन निर्मित कराया गया।
समिति अध्यक्ष ओमवती ने कहा कि किसानों की सुविधा समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नए खाद गोदाम के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को समय पर और व्यवस्थित ढंग से खाद उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि समिति लगातार किसानों के हित में कार्य कर रही है और आगे भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
उपाध्यक्ष हरभजन सिंह ने कहा कि इस खाद गोदाम के संचालन से फतेहपुर माजरी सहित आसपास के गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। अब किसानों को खाद के लिए दूर-दराज नहीं भटकना पड़ेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पारदर्शी व्यवस्था के तहत शीघ्र ही नियमित खाद वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
कार्यक्रम में सरकारी गन्ना विकास समिति सचिव गांधीराम, ईश्वर चंद्रपाल,प्रधान गुरदीप सिंह, बलदेव सिंह, शेर सिंह, कुसुम देवी, मानसिंह, विनोद राणा, अनूप, सचिन, सत्यपाल और धर्मपाल आदि मौजूद रहे।



