Blog

हिम्स जौलीग्रांट में सफल जटिल सर्जरी से 21 वर्षीय युवती को मिला नया जीवन।

पाँच वर्षों से पेट दर्द, सूजन और बुखार से थी पीड़ित।

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
हिमालयन इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स), जौलीग्रांट के सर्जरी विभाग के डॉक्टरों की टीम ने एक अत्यंत जटिल और जोखिमपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 21 वर्षीय युवती को नया जीवन दिया है। युवती पिछले पाँच वर्षों से लगातार पेट दर्द, सूजन और बुखार जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही थी।

सर्जरी विभाग के डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि युवती को उसके परिजन तेज पेट दर्द और बुखार की शिकायत के साथ ओपीडी में लेकर आए थे। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल सीटी स्कैन कराया गया, जिसमें पेट के निचले हिस्से में लगभग 1300 मिलीलीटर मवाद जमा होने की पुष्टि हुई।

परिजनों के अनुसार, वर्ष 2019 में ऋषिकेश में युवती की दो बार सर्जरी हो चुकी थी। इस आधार पर चिकित्सकों को आशंका हुई कि पूर्व सर्जरी के दौरान कोई सर्जिकल कपड़ा (गॉसिपिबोमा) पेट के अंदर रह गया हो। बार-बार हुए ऑपरेशनों के कारण पेट के अंदरूनी अंग आपस में बुरी तरह चिपक चुके थे, जिससे सर्जरी अत्यंत जटिल हो गई थी।

युवती की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पहले विशेष कैथेटर के माध्यम से मवाद निकाला, जिससे उसे अस्थायी राहत मिली। इसके बाद विस्तृत मूल्यांकन कर सर्जरी का निर्णय लिया गया। डॉ. प्रवीन कुमार ने बताया कि ऑपरेशन बेहद जोखिमपूर्ण था और इसमें अत्यधिक सावधानी व उच्च तकनीकी दक्षता की आवश्यकता थी।

*डॉक्टरों की टीम का सराहनीय योगदान*

इस अत्यंत जटिल सर्जरी का सफल नेतृत्व सर्जरी विभाग के डॉ. प्रवीन कुमार ने किया। उनकी टीम में डॉ. वंदना, डॉ. कनिका, डॉ. ऐश्वर्या नेगी और डॉ. मुस्कान गुप्ता शामिल रहीं। टीम के सामूहिक अनुभव, सटीक निर्णय क्षमता और उत्कृष्ट तालमेल के कारण न केवल मरीज की जान बचाई जा सकी, बल्कि उसे भविष्य में होने वाली संभावित जटिलताओं से भी सुरक्षित किया गया।

स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना ने चिकित्सकों की इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सर्जरी हिम्स जौलीग्रांट के डॉक्टरों की उच्चस्तरीय विशेषज्ञता, तकनीकी दक्षता और समर्पण का सशक्त उदाहरण है। वहीं, निदेशक अस्पताल सेवाएं डॉ. हेमचंद्रा तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश माहेश्वरी ने भी पूरी टीम की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को प्रशंसनीय बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button