Blog

लक्ष्य तय करें और मेहनत से हासिल करें मुकाम। अमर पाल सिंह लोधी (डोईवाला में लक्ष्य फाउंडेशन का मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम, सैकड़ों विद्यार्थियों को विशेषज्ञों ने दिए सफलता के मंत्र)

खबर को सुनें

डोईवाला (राजेंद्र वर्मा):
सही समय पर मिला मार्गदर्शन विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा बदल सकता है। इसी सोच के साथ लक्ष्य शिक्षा एवं राहत कोष फाउंडेशन उत्तराखंड की ओर से शनिवार को रेडिएंट पब्लिक स्कूल प्रेमनगर बाजार डोईवाला में मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं से रूबरू कराते हुए सफलता के महत्वपूर्ण मंत्र दिए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लक्ष्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक एवं आयकर विभाग भारत सरकार के अपर निदेशक (इन्वेस्टिगेशन) आईआरएस अमर पाल सिंह लोधी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के दौर में विद्यार्थियों के सामने करियर के अनेक विकल्प हैं। ऐसे में सही जानकारी और मार्गदर्शन के अभाव में कई बार बच्चे भ्रमित होकर गलत दिशा चुन लेते हैं। करियर काउंसलिंग से विद्यार्थियों को अपनी रुचि, प्रतिभा और क्षमता पहचानने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए बड़ा सपना देखने के साथ उसे पूरा करने का संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत भी जरूरी है।

वैज्ञानिक हेतराम ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में जिज्ञासा, नए प्रयोग और खोज की भावना विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती है।

आकाश इंस्टीट्यूट की गीतांजलि ने मेडिकल और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और सही रणनीति के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने की सलाह दी।

स्वास्थ्य निदेशालय के सहायक निदेशक डॉ. पंकज सिंह ने मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताते हुए इसके संतुलित उपयोग की जरूरत बताई। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. गुंजन मलिक ने परीक्षा और करियर को लेकर होने वाले मानसिक दबाव पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि तनाव को हावी करने के बजाय आत्मविश्वास बनाए रखना चाहिए और अपनी रुचि के अनुसार भविष्य का चुनाव करना चाहिए।

रेडिएंट पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रामेश्वर प्रसाद लोधी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा को जीवन में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख नगीना रानी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और सही करियर चुनने में मददगार साबित होंगे। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी विशेषज्ञों से मार्गदर्शन मिलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।

लक्ष्य फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र वर्मा ने कहा कि करियर चयन के समय सही सलाह नहीं मिलने से कई विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते। फाउंडेशन का उद्देश्य ऐसे बच्चों तक विशेषज्ञों का मार्गदर्शन पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी प्रदेशभर में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

इस अवसर पर लक्ष्य फाउंडेशन के महामंत्री अजय प्रताप सिंह, संजीव लोधी, पवन लोधी, तिलक सिंह, सुषमा, माया, प्रीतम वर्मा, उत्तम लोधी, ग्राम प्रधान अंजू देवी, हरियाली सिंह, जोगिंदर, उमेश लोधी, हरिद्वार जिलाध्यक्ष राजकुमार लोधी, महामंत्री तीर्थ प्रकाश, अश्विनी, जयप्रकाश, अमित लोधी और चरण सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रजत लोधी और रेनू कपूर ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button